ईंधन की कमी से फ्यूल पम्प पर उमड़ रही भारी भीड़, किसान व्यापारी सब परेशान, जिम्मेदार बोले कोई कमी नहीं
बहराइच, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के अधिकांश फ्यूल पम्प इन दिनों पेट्रोल डीजल की कमी के कारण सूख गए हैं। फ्यूल की किल्लत ने संकट जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। जरूरतमंद वाहन और केन लेकर लाेग घण्टों लाइन में लगकर फ्यूल पाने की जुगत में लगे हैं, लेकिन बावजूद इसके उन्हें या तो सीमित मात्रा में फ्यूल मिला पा रहा है या फिर खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
जिन फ्यूल पम्पों पर ईंधन उपलब्ध है वहां भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं जिले के अधिकांश फ्यूल पम्प मालिकों ने बैरिकेडिंग कर ईंधन उपलब्ध नहीं है का बोर्ड लगा दिया। इसके विपरीत बहराइच के जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी रोजाना मीडियाकर्मियों को यह बताते नहीं थक रहे हैं कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है लेकिन फ्यूल पम्पों पर ईंधन न उपलब्ध होने के लगे बोर्ड जिला पूर्ति अधिकारी के दावों को आइना दिखाते नजर आ रहे हैं।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अगर जिले की बात छोड़ दें तो पड़ोसी जनपदों में स्थिति इसके ठीक उलट है। पड़ोसी जिले गोण्डा, सीतापुर, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी और राजधानी लखनऊ में ईंधन की कोई कमी नहीं है। पड़ोसी जिलों में फ्यूल पम्प सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं जबकि बहराइच में स्थिति उसके विपरीत है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी के दावों पर अब आम जनता ने भी सवाल उठाना शुरू कर दिया है।
बख्शीपुरा निवासी धनंजय सिंह का कहना है कि यदि जिले में ईंधन की कमी नहीं है तो फ्यूल पम्पों पर कतारें आखिर क्यों लगी हैं?
शहर के गुरुनानक चौक निवासी गुरुप्रीत सिंह का कहना है कि यदि जिले में सप्लाई सामान्य है और ईंधन की कमी नहीं है तो कई पम्प बन्द होने के पीछे का कारण क्या है ?
इतना ही नहीं लोगों ने साेशल मीडिया पर भी डीएसओ के खिलाफ अपनी भड़ास निकालना शुरू कर दिया है। साेशल मीडिया यूजर शिवाजी रस्तोगी, अरुण कुमार मिश्र, हिमांशु मिश्र, अर्जुन गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी डीएसओ के बयान की अपने-अपने शब्दों में आलोचना की है।
इसी बीच कुछ मुनाफाखोरों ने आपदा में अवसर की तलाश भी कर ली है। संकट के बीच पेट्रोल 200 रुपये प्रति लीटर और डीजल 150 रुपये प्रति लीटर तक बेचे जाने की बात प्रकाश में आ रही है। एक तरफ जहां जरूरतमंद घंटों लाइन में खड़े हैं वहीं दूसरी तरफ मुनाफाखोर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। मामले काे लेकर जब रविवार काे डीएफओ से बात की गई कि वही रटा रटाया जवाब कि जनपद में फ्यूल की काेई कमी नहीं है और लाेग अफवाह फैला रहे है, ऐसे लाेगाें काे चिन्हित कर कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग काे पत्राचार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

