जेब काटने के शक में युवक को भीड़ ने घेरा, प्लास से कान खींचने का वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
जेब काटने के शक में युवक को भीड़ ने घेरा, प्लास से कान खींचने का वीडियो वायरल


मथुरा, 10 सितम्बर (हि.स.)। वृंदावन बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में जेब काटने के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने गुरुवार मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में कुछ लोग युवक को घेरे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक व्यक्ति प्लास की मदद से युवक का कान खींचता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा युवक उसे कई थप्पड़ मारता है। भीड़ के बीच युवक हाथ जोड़कर खुद को निर्दाेष बताते हुए छोड़ने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है।

गौरतलब हो कि घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे हरि निकुंज चौराहे के पास की बताई जा रही है। यह स्थान बांके बिहारी मंदिर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है। घटना के समय चौराहे पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ मौजूद थी। बुधवार शाम घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। वीडियो में काली टी-शर्ट पहने एक युवक को कुछ लोगों ने पकड़ रखा है। इसी दौरान हेलमेट लगाए एक व्यक्ति वहां पहुंचता है और युवक से मारपीट शुरू कर देता है। उसके हाथ में प्लास दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह युवक पर किसी श्रद्धालु का पर्स गायब करने का आरोप लगाता सुनाई देता है। इसके जवाब में पकड़ा गया युवक दावा करता है कि उसे पर्स जमीन पर पड़ा मिला था और उसने जेब नहीं काटी। इसके बाद हेलमेट पहना व्यक्ति प्लास से युवक का कान पकड़कर खींचता दिखाई देता है। इस दौरान आसपास खड़े कुछ लोग उसे ऐसा करने से रोकते हैं और कहते हैं कि इससे युवक के कान को गंभीर चोट लग सकती है। इसके बावजूद कुछ देर तक युवक के साथ अभद्रता और मारपीट जारी रहती है।

वीडियो में सफेद शर्ट पहने एक अन्य व्यक्ति भी युवक को कई थप्पड़ मारता नजर आता है। पिटाई से बचने के लिए युवक हाथ जोड़कर लोगों से उसे छोड़ने की अपील करता रहता है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति थोड़ी शांत होती है। इसी दौरान युवक भीड़ के बीच से निकलकर वहां से भाग जाता है। सीओ वृंदावन ने गुरुवार काे बताया घटना वृंदावन कोतवाली की बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कुछ लोगों ने एक युवक को जेब काटने के संदेह में पकड़ लिया था। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story