क्रिकेटर अनिल कुंबले ने सपरिवार किया श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन

मथुरा, 07 मार्च(हि.स.)। किकेटर अनिल कुम्बले ने सपरिवार शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन किये। अनिल कुम्बले द्वारा सर्वप्रथम भगवान श्रीकेशवदेवजी महाराज को माल्यार्पण-चन्दन अर्पित किया गया। अष्टभुजा माँ योगमायाजी के दर्शन उपरान्त श्रीगर्भ गृह में दर्शन-पूजन कर भागवत भवन में श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार को पुष्पार्चन किया। अनिल कुंबले श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन कर अभिभूत हो उठे। ठाकुरजी के दर्शन के उपरान्त श्री कुंबले ने सपरिवार जन्मभूमि की गौशाला में गौसेवा की।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने क्रिकेटर अनिल कुंबले को जन्मस्थान के आध्यात्मिक महत्व और मंदिर के इतिहास के विषय में जानकारी दी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के वैभवशाली मंदिर को कब कब लुटेरों और आक्रांताओं के आक्रमण का सामना करना पड़ा और वर्तमान व्यवस्थाओं के संबंध में भी श्री कुंबले ने जानकारी ली।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार