मालगाड़ी से सरिया उतारते समय हादसा, क्रेन हेल्पर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मालगाड़ी से सरिया उतारते समय हादसा, क्रेन हेल्पर की मौत


मालगाड़ी से सरिया उतारते समय हादसा, क्रेन हेल्पर की मौत


कानपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकी धाम स्टेशन के पास शुक्रवार को मालगाड़ी से सरिया उतारते समय भारी बंडल गिरने से क्रेन हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हरदोई के पाली निवासी अमन कुमार (19) पनकी में एसआर क्रेन पर हेल्पर के रूप में काम करता था। आज पनकी धाम स्टेशन के पास मालगाड़ी खड़ी थी और क्रेन की मदद से उसमें लदे सरिया के बंडल उतारे जा रहे थे। इसी दौरान एक भारी बंडल अचानक नीचे गिर गया और अमन उसकी चपेट में आ गया।

हादसा होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने गंभीर रूप से घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

अमन के भाई अमित कुमार ने बताया कि वह परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने हादसे की जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं क्रेन मालिक संदीप भदौरिया ने घटना को दुखद बताते हुए इसे हादसा बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story