आवारा पशुओं पर सख्ती जारी, शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए अभियान तेज : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
आवारा पशुओं पर सख्ती जारी, शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए अभियान तेज : नगर आयुक्त


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। शहर में आवारा पशुओं की समस्या को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वालों और अवैध चट्टा संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे यातायात और आमजन को होने वाली परेशानी को दूर किया जा सके। यह बातें सोमवार को नगर आयुक्त ने संचालित अभियान के दौरान कही गईं।

नगर आयुक्त के निर्देशानुसार आज रतनलाल नगर और दबौली वेस्ट क्षेत्रों में चट्टा हटाओ अभियान के तहत पशुओं के जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 18 भैंस और एक गाय उसके बच्चे सहित पकड़कर गौशाला में सुरक्षित भेजा गया।

इसके अलावा नगर निगम सीमा के अंतर्गत कल्याणपुर क्षेत्र में भी नियमित अभियान चलाते हुए 12 आवारा पशुओं को पकड़ा गया, जिन्हें गौशाला में संरक्षित किया गया है। नगर निगम द्वारा लगातार ऐसे अभियान चलाकर शहर की सड़कों को पशु मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक आवारा पशुओं को छोड़ने और चट्टा संचालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 57.26 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है, जिसे नगर निगम कोष में जमा कराया गया है।

अभियान के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. निरंजन, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह, राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार सहित प्रवर्तन दल के सदस्य और कैटल कैचिंग टीम मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story