देवरिया में यूरिया की अवैध तस्करी पर कार्रवाई, पिकअप समेत खाद जब्त
देवरिया, 04 अगस्त (हि.स.)। कृषि विभाग और पुलिस ने मंगलवार काे संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में उर्वरक बरामद किया है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर थाना श्रीरामपुर पुलिस ने चित्रसेन-बनकटा, जो बिहार सीमा से सटा क्षेत्र है, वहां चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पिकअप वाहन (बीआर 29 पी 4707) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में ग्रोमोर ब्रांड की 100 बोरी यूरिया तथा जुआरी फार्महब के 'जय किसान' ब्रांड का 100 किलोग्राम मैग्नीशियम सल्फेट लदा मिला, जिसे बिहार भेजा जा रहा था।
प्राथमिक जांच में इस मामले में मेसर्स जनपद खाद एंड बीज भंडार के प्रोपराइटर नितिश यादव, फर्म के संचालक मुकेश सिंह तथा वाहन चालक बदन यादव की संलिप्तता सामने आई। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया सभी के बीच अवैध परिवहन को लेकर मिलीभगत प्रतीत हुई।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद फर्म के प्रोपराइटर योगेंद्र यादव, संचालक मुकेश सिंह और वाहन चालक बदन यादव के विरुद्ध थाना श्रीरामपुर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उर्वरकों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में उर्वरक विक्रेताओं के यहां लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई विक्रेता उर्वरकों की अवैध तस्करी, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, टैगिंग या अन्य अनियमितताओं में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

