औरैया में, तीन डंपरों पर जुर्माना, चार ट्रैक्टर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में, तीन डंपरों पर जुर्माना, चार ट्रैक्टर जब्त


औरैया, 25 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान चार ट्रैक्टर को जब्त करते हुए तीन डंपरों पर जुर्माना लगाया गया है।

उपजिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा के नेतृत्व में इटावा राजमार्ग तथा औरैया-फफूंद रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 14 डंपरों की गहन जांच की गई, जिसमें तीन डंपर अवैध खनिज परिवहन में लिप्त पाए गए। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन डंपरों पर कुल 88,240 रुपये का जुर्माना वसूला।

इस कार्रवाई में खनन विभाग के अधिकारी, औरैया थाना पुलिस तथा संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही। इसके अतिरिक्त अवैध मिट्टी खनन और परिवहन में संलिप्त चार ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। खास बात यह रही कि इन ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। सभी जब्त ट्रैक्टरों को औरैया कोतवाली में खड़ा कराया गया है।

खनन अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story