मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को करेंगे एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को करेंगे एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल का उद्घाटन


गोरखपुर, 25 जून (हि.स.)। पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन 26 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में सीपी चंद और डॉ. अरुण चन्द्र ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।

सीपी चंद ने बताया कि इस अस्पताल की स्थापना उनके पिता की उस सोच को साकार करने के लिए की गई है, जिसमें शिक्षा और चिकित्सा को समाज के लिए सबसे जरूरी बताया गया था। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के लोगों को अत्याधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा। उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से गोरखपुर में एम्स की स्थापना हुई और गुरु गोरखनाथ चिकित्सालय भी बेहतर सेवाएं दे रहा है। अब इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लखनऊ या अन्य महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

डॉ. अरुण चन्द्र ने बताया कि एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के माध्यम से मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, क्रिटिकल केयर, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी सहित कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि 125 बेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं, अत्याधुनिक आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं, फार्मेसी और एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। अस्पताल में मरीजों की सुविधा और बेहतर इलाज को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह अस्पताल न केवल उपचार तक सीमित रहेगा, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता और समाज के समग्र स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने के लिए भी कार्य करेगा। इस पहल से क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story