मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना : गोपालकों को मिलेगा 80 हजार तक का अनुदान
योजना के लिए 11 जून से 10 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
बलरामपुर, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
इस संबंध में बलरामपुर के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के पशुपालकों एवं गोपालकों को बताया कि योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी जनपदों के गोपालकों को बाहरी राज्यों से उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों, जैसे गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की गायों के क्रय पर अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत दो गायों की इकाई स्थापित करने पर कुल लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान देय होगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि योजना में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गोपालकों के लिए निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत आरक्षित रखा गया है। साथ ही क्रय की जाने वाली गाय का प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी। इच्छुक लाभार्थी नन्द बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के पात्र पशुपालकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्नत नस्ल की गायों के पालन से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे पशुपालकों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 जून 2026 से प्रारंभ होकर 10 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित विकास खंड कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी इच्छुक गोपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

