न्यायालय कर्मी की मौत पर एसपी सख्त,विवेचक निलंबित,थानाध्यक्ष का तबादला
फर्रुखाबाद,07 अक्तूबर (हि.स.)। न्यायालय कर्मचारी अमित मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण को लेकर न्यायालय कर्मचारियों में आक्रोश और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग के बाद राजेपुर थाना प्रभारी को बदल दिया गया है, जबकि मामले की जांच में लापरवाही के आरोपों के चलते उपनिरीक्षक आशुतोष यादव को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस विभाग के फेरबदल के तहत राजेपुर थाना प्रभारी राजीव पांडे को हटाकर अमृतपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमृतपुर थाना प्रभारी दर्शन सिंह को राजेपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं ,पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक आशुतोष यादव पर न्यायालय कर्मचारी से जुड़ी घटना में अपेक्षित वैधानिक कार्रवाई न करने, लापरवाही और उदासीनता बरतने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया गया है कि 27 सितंबर 2026 को न्यायालय से ड्यूटी कर घर लौट रहे अमित मिश्रा के साथ जसूपुर गढ़िया मोड़ के पास कुछ लोगों ने मारपीट की थी। घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। मामले की जांच उपनिरीक्षक आशुतोष यादव को सौंपी गई थी। आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने और संबंधित लोगों के नाम-पते बताए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद 6 अक्टूबर को अमित मिश्रा की मौत हो गई। घटना के बाद न्यायालय कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे। कर्मचारियों की ओर से जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के आदेश में कहा गया है कि उपनिरीक्षक आशुतोष यादव के विरुद्ध लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और उनके संबंध में विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित है। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

