न्यायालय का फैसला आने के बाद पार्षद ने बांटी मिठाई

WhatsApp Channel Join Now
न्यायालय का फैसला आने के बाद पार्षद ने बांटी मिठाई


कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। मुझे पूरा विश्वास था कि न्यायालय में मेरे साथ न्याय होगा और शुक्रवार को आए फैसले ने मेरे विश्वास को और मजबूत किया है। मैं हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए काम करता रहा हूं और आगे भी इसी तरह क्षेत्र की जनता की सेवा करता रहूंगा। यह बातें शनिवार को वार्ड नंबर-चार ग्वालटोली के पार्षद अंकित मौर्य ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।

वार्ड नंबर-4 के पार्षद अंकित मौर्य के निर्वाचन को चुनौती देते हुए निर्वाचन याचिका दाखिल की गई थी। उपलब्ध न्यायालयी विवरण के अनुसार याचिका 26 मई 2023 को दाखिल हुई थी और इसी दिन मामले की पहली सुनवाई हुई थी। करीब तीन वर्ष से अधिक समय तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद सात अगस्त को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-11 की अदालत ने मामले का निस्तारण करते हुए याचिका खारिज कर दी।

न्यायालय के फैसले के बाद पार्षद अंकित मौर्य ने शनिवार काे पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी और निर्णय पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से ही न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा था। मामले की सुनवाई के दौरान उनके खिलाफ कई तरह की बातें कही जाती रहीं, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा और न्यायालय के निर्णय का इंतजार किया।

पार्षद अंकित मौर्य ने कहा कि न्यायालय के फैसले से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसे सत्य और न्याय की जीत बताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास था कि तथ्यों और कानून के आधार पर फैसला उनके पक्ष में आएगा। निर्णय आने के बाद उन्होंने न्यायपालिका के प्रति आभार भी जताया।

फैसले की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद पार्षद अंकित मौर्य ने समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों के साथ खुशी साझा की। इस दौरान उन्होंने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। समर्थकों ने भी पार्षद अंकित मौर्य को न्यायालय से मिली राहत पर बधाई दी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story