भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का बीडीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन

WhatsApp Channel Join Now
भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का बीडीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन


भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का बीडीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन


भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का बीडीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन


भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का बीडीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन


अमेठी, 30 मई (हि.स.)। विकासखंड अमेठी अंतर्गत ग्राम पंचायत कटरा फूल कुंवर में निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के लिए निर्माण सामग्री की आपूर्ति करने वाली फर्म महक इंटरप्राइजेज के संचालक विवेक मिश्रा ने भुगतान न मिलने से नाराज होकर शनिवार को खंड विकास कार्यालय अमेठी के सामने धरने पर बैठकर आमरण अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब साढ़े तीन से चार वर्ष पूर्व उनकी फर्म द्वारा निर्माण सामग्री की आपूर्ति का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया था, लेकिन आज तक पूरा भुगतान नहीं किया गया। जिस पर बीडीओ ने गोल मोल जवाब देते हुए जांच कर कार्रवाई की बात कही है।

आमरण अनशन पर बैठे विवेक मिश्रा ने खंड विकास अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि संबंधित ग्राम पंचायत के प्रधान, सचिव एवं अन्य जिम्मेदार लोगों ने भुगतान के नाम पर अवैध धनराशि की मांग की थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उनकी फर्म के भुगतान की धनराशि किसी अन्य फर्म के खाते में स्थानांतरित कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि टेंडर, कोटेशन और सामग्री आपूर्ति का कार्य उनकी फर्म द्वारा किया गया था, जबकि भुगतान किसी अन्य फर्म को कर दिया गया, जो गंभीर जांच का विषय है।

विवेक मिश्रा ने बताया कि उनकी फर्म को लगभग आठ लाख रुपये की धनराशि प्राप्त होनी थी, जिसमें से केवल आंशिक भुगतान किया गया। शेष धनराशि का भुगतान अब तक लंबित है। उनका कहना है कि भुगतान न मिलने के कारण आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है तथा बैंक खाता भी एनपीए की स्थिति में पहुंच गया है। धरनास्थल पर उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान के नाम पर मोटी रकम की मांग की गई थी। उनके अनुसार यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास भ्रष्टाचार संबंधी कई साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें वह शासन-प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। विवेक मिश्रा ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा उनकी लंबित धनराशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए।

वहीं, इस मामले में खंड विकास अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि धरने पर बैठे व्यक्ति की शिकायत प्राप्त हुई है और उसका नियमानुसार निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवेदन को जांच के लिए अग्रसारित कर दिया गया है तथा संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए समयावधि और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story