भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था चरमराई : प्रमोद सिंह
जौनपुर, 29 मई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, खराब कानून व्यवस्था और जनविरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाया। शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है और आम जनता महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है।
डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के विधायक, मंत्री और सत्ताधारी दल के नेताओं की संपत्तियों की भी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह बयान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा संपत्ति जांच की मांग के संदर्भ में दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को संघर्षशील और ईमानदार नेता बताते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और महंगाई जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए अजय राय के खिलाफ कार्रवाई कराई जा रही है।
उन्होंने मांग की कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को भाजपा नेताओं की संपत्तियों की भी जांच करनी चाहिए, ताकि जनता को उनकी संपत्तियों में हुई वृद्धि की जानकारी मिल सके।
प्रेस वार्ता में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत अब तक करीब 80 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे कई अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में भी विफल साबित हुई है।
आरिफ खान ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, बलात्कार, डकैती और छिनैती जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

