संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समन्वय बैठक संपन्न एक अक्टूबर से चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समन्वय बैठक संपन्न एक अक्टूबर से चलेगा अभियान


जौनपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। जौनपुर में संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता समेत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक हुई। सीडीओ ने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान की गतिविधियां समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने 27 सितंबर तक कार्ययोजना स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील ग्रामों और मोहल्लों में विशेष रूप से निरोधात्मक गतिविधियां संचालित करने को कहा। उन्होंने पंचायती राज विभाग को रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायतों में झाड़ियों की कटाई, जल निकासी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सभी वार्डों, मोहल्लों और स्कूलों में विशेष सफाई, फॉगिंग तथा एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव कराने को कहा।

सीडीओ ने पिछले अभियान में राज्य औसत से कम फीडबैक वाले ब्लॉकों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और इस बार सभी गतिविधियां शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को शूकर पालकों को साफ-सफाई रखने, कीटनाशी का छिड़काव करने तथा शूकरों को खुले में नहीं छोड़ने के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी आशा कार्यकर्ताओं का शत-प्रतिशत भ्रमण, लक्षणयुक्त मरीजों का चिन्हीकरण, दवाओं, किट और प्लेटलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डेंगू समेत अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। स्कूल-कॉलेजों में भी सफाई, झाड़ियों की कटाई और विद्यार्थियों को संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया। विद्यार्थियों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान का उद्घाटन कराने तथा प्रत्येक गतिविधि की जीपीएस फोटो सहित रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम, नोडल अधिकारी डॉ. आलोक कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, बीएसए समीर कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story