इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए : विधायक

WhatsApp Channel Join Now
इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए : विधायक


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। माल रोड स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने कराया जा रहा निर्माण कार्य उसकी गरिमा और दृश्यता को प्रभावित करेगा। महापुरुषों के सम्मान और ऐतिहासिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए इस निर्माण को तत्काल रोका जाना चाहिए। यह बातें सोमवार को आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपते हुए कहीं।

आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने माल रोड स्थित नयागंज मेट्रो स्टेशन के समीप भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के ठीक सामने कराए जा रहे निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि निर्माण कार्य शुरू हो चुका है तो उसे हटाने की कार्रवाई भी की जाए।

विधायक ने पत्र में कहा कि माल रोड स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा ऐतिहासिक और सार्वजनिक महत्व का स्थल है। प्रतिमा के ठीक सामने स्थायी निर्माण होने से उसकी दृश्यता प्रभावित होगी, जिससे स्मारक की गरिमा कम होने के साथ पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मेट्रो परियोजना के अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन निर्माण कार्य के उद्देश्य और आवश्यकता को लेकर कोई स्पष्ट एवं संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि पूर्व में भी प्रतिमा से जुड़े मामलों में मेट्रो प्रशासन का रवैया सहयोगात्मक नहीं रहा, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष की स्थिति बनी थी।

अमिताभ बाजपेयी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि प्रतिमा के सामने हो रहे निर्माण कार्य को रोका जा सके और प्रतिमा स्थल की गरिमा एवं दृश्यता पूर्ववत बनी रहे।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सम्मान और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों का संरक्षण शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story