दशहरा से पहले बन जाएगा पादरी बाजार चौराहा फ्लाईओवर
गोरखपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। सतत मजबूत हो रहे गोरखपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर की शृंखला में रोड कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इस शृंखला में अब एक और फ्लाईओवर की सौगात का नाम जुड़ने जा रहा है। शहर के अति व्यस्त क्षेत्रों में से एक पादरी बाजार चौराहे पर फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। दशहरा से पहले यह फ्लाईओवर तैयार होकर संचालन योग्य हो जाएगा। कार्यदायी संस्था अक्टूबर माह में लोकार्पण की तैयारी के हिसाब से काम तेजी से पूरा करा रही है।
पादरी बाजार चौराहा शहर के प्रमुख व्यस्त चौराहों में से एक है। बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास पर स्थित यह चौराहा लंबे समय से यातायात के दबाव और जाम के लिए जाना जाता था। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। करीब 570 मीटर की लंबाई में 98.34 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य सितंबर 2024 में शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना प्रबंधन मिथिलेश कुमार के अनुसार अब तक 92 प्रतिशत कार्य कराया जा चुका है। काम तेजी से कराया जा रहा है। सितंबर अंत तक सभी कार्य पूर्ण कराकर अक्टूबर माह में इसका लोकार्पण कराने की तैयारी है।
बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास फोरलेन के पादरी बाजार चौराहा पर फोरलेन फ्लाईओवर बन जाने से ट्रैफिक जाम से स्थानीय लोगों और यात्रियों को मुक्ति मिलेगी। साथ ही बरगदवा से कौआबाग जेल बाईपास होकर पिपराइच, कप्तानगंज, मेडिकल कॉलेज रोड होते हुए महराजगंज और बरगदवा होते हुए सोनौली रोड की तरफ गुजरने वाले वाहनों को बिना किसी रुकावट के तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

