घाघराघाट में वैकल्पिक पीपे पुल का निर्माण शुरू, डेढ़ माह में तैयार करने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
घाघराघाट में वैकल्पिक पीपे पुल का निर्माण शुरू, डेढ़ माह में तैयार करने का लक्ष्य


बाराबंकी, 06 मार्च (हि.स.)। घाघराघाट स्थित संजय सेतु पर बढ़ते दबाव और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने वैकल्पिक पीपे पुल के निर्माण का कार्य गुरुवार से शुरू कर दिया है। पुल निर्माण शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है, क्योंकि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।

निर्माण कार्य में लगे तिलक राम लोधी ने बताया कि पीपे पुल के निर्माण के लिए कुल 208 पीपों की आवश्यकता है। फिलहाल उपलब्ध संसाधनों के अनुसार लगभग 170 पीपों को जोड़कर पुल तैयार किया जा रहा है। यदि घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ता है तो पीपों की संख्या बढ़ाकर पुल को और सुरक्षित बनाया जाएगा।

निर्माण प्रक्रिया के तहत सबसे पहले पीपों को आपस में मजबूती से जोड़ा जाएगा। इसके बाद उनके ऊपर लकड़ी के पटरे बिछाए जाएंगे और अंत में लोहे की चादरें लगाई जाएंगी, जिससे पुल पर पैदल यात्रियों तथा हल्के वाहनों का आवागमन सुगमता से हो सके।

अवर अभियंता अनंत मौर्य ने शुक्रवार काे बताया कि पैंटून (पीपे) पुल का अप्रोच मार्ग बनना शुरू हो गया है और अब तक लगभग 35 पीपे जोड़ दिए गए हैं। लगातार पीपों की आपूर्ति भी शुरू हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

विभाग ने एक से डेढ़ माह के भीतर पुल को चालू करने का लक्ष्य रखा है, ताकि जल्द से जल्द क्षेत्र की जनता को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story