मेडिकल कॉलेज और पुलिस लाइन में मनाया गया संविधान दिवस

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज और पुलिस लाइन में मनाया गया संविधान दिवस


मेडिकल कॉलेज और पुलिस लाइन में मनाया गया संविधान दिवस


-विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों और पुलिसकर्मियों ने ली संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

देवरिया, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय और पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर उसके मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।

महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के लेक्चर थिएटर- द्वितीय में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रजनी के नेतृत्व में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने संविधान की प्रस्तावना एवं मूल आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। प्राचार्य डॉ. रजनी ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का संदेश देता है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों का दायित्व है कि वे जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मरीजों को समान भाव से चिकित्सा सेवाएं प्रदान करें। कार्यक्रम में डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. संजय भट्ट, डॉ. शुभम पांडेय सहित अन्य फैकल्टी सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं, पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपनाते हुए कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता से करने का संदेश दिया।

एसपी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने तथा कानून के शासन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। जनपद के सभी थानों पर भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स गौरव सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story