संविधान ने गरीब और वंचितों को दिया समानता-न्याय का अधिकार : सर्वेश गौतम
औरैया, 26 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी कार्यालय ककोर में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया। कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों को मिले अधिकारों पर चर्चा की गई।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान की ही देन है कि आज गरीब, वंचित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्याय पाने का अधिकार मिला है। संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार देकर देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक न्याय का आधार है। इसमें सभी धर्मों, जातियों और वर्गों के लोगों को समान अधिकार दिए गए हैं। संविधान की मूल भावना को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश को एक ऐसी व्यवस्था दी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिला है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। सामाजिक समरसता, भाईचारा और समानता की भावना को मजबूत करना ही संविधान दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य है।
इस दौरान सपा दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, वरिष्ठ सपा नेता कमलेश तिवारी, श्याम बाबू यादव, राम बाबू यादव, राजेश राजपूत, टिल्लू राजपूत, सुमन दिवाकर, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा करने तथा उसके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

