संविधान संवाद अभियान के तहत नोडल शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण, एक नवंबर को लगेगा मेगा विधिक शिविर

WhatsApp Channel Join Now
संविधान संवाद अभियान के तहत नोडल शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण, एक नवंबर को लगेगा मेगा विधिक शिविर


औरैया, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत नोडल शिक्षकों काे शनिवार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चौहान के आदेशानुसार सचिव रोमा गुप्ता के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को संविधान के मूल्यों, नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों और संवैधानिक जागरूकता से संबंधित जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान सचिव ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। नोडल शिक्षक विद्यार्थियों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से माधव मंगल गेस्ट हाउस, जालौन चौराहा में मेगा विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।

सचिव रोमा गुप्ता ने जनपद के समस्त नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विधिक सहायता एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोग योजनाओं का लाभ भी उठा सकेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से संविधान संवाद अभियान और विधिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story