पुलिसकर्मी ने लौटाया पीड़ित का सड़क पर गिरा मोबाइल व सोने का सिक्का, लौटी खुशियां
फिरोजाबाद, 05 सितंबर (हि.स.)। थाना उत्तर पर तैनात मुख्य आरक्षी राकेश कुमार ने शनिवार को अपनी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पीड़ित को उसका मोबाइल फोन एवं 10 ग्राम का सोने का सिक्का सकुशल लौटाया है। अपना सामान वापस पाकर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
थाना दक्षिण क्षेत्र के नई बस्ती, जैन मंदिर निवासी त्रिलोकी नाथ स्वर्णकार पुत्र प्रेमचन्द्र वर्मा शनिवार को अपनी मोटरसाइकिल से शिव मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी जेब में रखा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन कहीं गिर गया। मोबाइल फोन के कवर में 10 ग्राम वजन का सोने का सिक्का भी रखा हुआ था। मोबाइल व सोने का सिक्का खोने से पीड़ित परेशान हो गया।
इधर थाना उत्तर पर नियुक्त मुख्य आरक्षी राकेश कुमार को यह मोबाइल फोन रास्ते में पड़ा हुआ मिला। मुख्य आरक्षी राकेश कुमार द्वारा कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल फोन को सुरक्षित रखा गया तथा मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामी की जानकारी प्राप्त कर उन्हें थाने पर बुलाया गया।
प्रभारी निरीक्षक थाना उत्तर रवि त्यागी एवं मुख्य आरक्षी राकेश कुमार ने मोबाइल फोन एवं उसके कवर में सुरक्षित रखा 10 ग्राम सोने के सिक्के को पीड़ित त्रिलोकी नाथ स्वर्णकार के सकुशल सुपुर्द किया है।
गुम हुआ अपना मोबाइल फोन एवं कीमती सोने का सिक्का वापस पाकर त्रिलोकी नाथ ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की है तथा फिरोजाबाद पुलिस एवं मुख्य आरक्षी राकेश कुमार का आभार व्यक्त किया है।
थाना प्रभारी रवि त्यागी का कहना है कि फिरोजाबाद पुलिस के पुलिसकर्मियों द्वारा कर्तव्य के साथ-साथ ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों का परिचय देते हुए आमजन की सहायता एवं विश्वास बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

