यूपीआई टैक्स के खिलाफ जाैनपुर में कांग्रेसियों ने मंत्री का किया घेराव, उठाई वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
यूपीआई टैक्स के खिलाफ जाैनपुर में कांग्रेसियों ने मंत्री का किया घेराव, उठाई वापस लेने की मांग


जौनपुर ,19 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में यूपीआई से ऑनलाइन लेनदेन पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए जा रहे टैक्स के खिलाफ कांग्रेसियों ने शनिवार काे विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार दोपहर 12 बजे लाइन बाजार स्थित डाक बंगला में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीशचंद्र यादव का घेराव किया । कांग्रेसियों ने सरकार की टैक्स वसूली नीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो हजार रुपये से अधिक का घरेलू सामान खरीदा और उसके बिल रसीद को मंत्री गिरीश चंद्र यादव के सामने रखा। यूपीआई पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) के खिलाफ विरोध जताते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की जेब काटने की योजना शुरू की है।

डॉ. प्रमोद सिंह ने कहा कि एमडीआर टैक्स से छोटे कारोबारियों का व्यवसाय खराब हो जाएगा, जबकि बड़े व्यवसायियों को अधिक टैक्स चुकाने की समस्या आएगी। उन्होंने इसे व्यापारियों से जबरन लिया जाने वाला टैक्स बताया। उनके अनुसार, इस टैक्स से महंगाई काफी बढ़ेगी, जिससे गरीब, मजदूर, मध्यम वर्ग, किसान और छात्र सीधे तौर पर सरकार के शोषण का शिकार होंगे। डॉ. प्रमोद सिंह ने यूपीआई एमडीआर को भाजपा सरकार द्वारा जनता पर लगाया गया 'जजिया कर' बताया।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने राज्य मंत्री से यूपीआई पर एमडीआर टैक्स वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को लूटना बंद करे, क्योंकि उसकी सभी नीतियां जनविरोधी होती जा रही हैं। आरिफ खान ने यह भी कहा कि सरकार को जनता के लिए सुविधाजनक कानून बनाने चाहिए, लेकिन आज देश भाजपा सरकार की 'लूटनीति' का शिकार हो गया है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story