राहुल गांधी के बाद अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री पर की अमर्यादित टिप्पणी

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी के बाद अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री पर की अमर्यादित टिप्पणी


महोबा, 22 मई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी की है। अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर की अभद्र अमर्यादित टिप्पणी का वीडियो वायरल होने से सियासी पारा चढ़ गया है। नीट छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष महोबा पहुंचे थे। कुछ दिनों पूर्व ही हमीरपुर महोबा सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने भी प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी की थी।

शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नीट छात्रा के परिजनों से मिलने आए। मुलाकात के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। उसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रधानमंत्री पर अभद्र भाषा प्रयोग करने का वीडियो वायरल होने के बाद अजय राय की आलोचना हो रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में आक्रोश पनप रहा है। एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कांग्रेस नेता के बयान की कड़ी निंदा करते हुए केस दर्ज कराने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव निवासी युवती जनपद मुख्यालय में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। वह रहस्यमय ढंग से गायब हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 16 दिन बाद युवती को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। जहां युवती ने गांव के ही युवक पर साथियों के साथ अपहरण कर दुष्कर्म करने और अन्य संगीन आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू की। तो वहीं युवती और युवक की मर्जी से शादी करने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने से मामला बिलकुल बदल गया है। पुलिस सभी तथ्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story