पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस तेज करेगी आंदोलन, एनएसयूआई पदाधिकारियों के साथ बनी रणनीति: पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस तेज करेगी आंदोलन, एनएसयूआई पदाधिकारियों के साथ बनी रणनीति: पवन गुप्ता


कानपुर, 20 जून (हि.स.)। नीट परीक्षा और पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। छात्रों के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई गई है। लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। यह बातें शनिवार को महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

तिलक हाल में आयोजित बैठक में कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के पदाधिकारियों ने छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान एनएसयूआई के नव मनोनीत प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ सौजन्य का स्वागत भी किया गया।

बैठक में नीट परीक्षा, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने कहा कि बार-बार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से मेहनती विद्यार्थियों का नुकसान हो रहा है और युवाओं का व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित हो रहा है।

पवन गुप्ता ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनएसयूआई संयुक्त रूप से छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करेगी तथा विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सरकार से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग की गई।

बैठक में हरप्रकाश अग्निहोत्री, सौरभ सौजन्य, शंकर दत्त मिश्रा, फहद अब्बासी, राम गोपाल उत्तम, इकबाल अहमद, अमरेंद्र सिंह, रितेश यादव, राकेश साहू, दीपक धवन, प्रमोद गुप्ता और जीतेंद्र ब्रह्म सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story