कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता तक पहुंचाएं कांग्रेस की नीतियां : आराधना मिश्रा ‘मोना’
कानपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाएं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। यह बातें बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने जाजमऊ गंगा पुल पर स्वागत कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहीं।
जाजमऊ गंगा पुल पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ का कानपुर महानगर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला को अपनी गाड़ी में साथ बैठाया और भौंती तक का सफर किया। इस दौरान उन्होंने कानपुर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली। साथ ही सक्रिय नेताओं, कार्यकर्ताओं और संगठन की गतिविधियों पर भी चर्चा की।
उन्होंने संगठन के जमीनी कामकाज की जानकारी लेते हुए कानपुर में हो रहे प्रयासों की सराहना की। स्वागत कार्यक्रम में सोहेल अंसारी, संजीव दरियाबादी, आलोक मिश्रा, राजीव द्विवेदी, अवनीश सलूजा, प्रतिभा अटल, नरेश त्रिपाठी, इस्लाम सिद्दीकी, नौशाद आलम, हरीश बाजपेई, रामस्वरूप तिवारी, संतोष त्रिपाठी, सैमुअल लकी, इखलाख डेविड, राजकिशोर वर्मा, मुकेश कन्नौजिया और आसिफ इकबाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

