जरीब चौकी ओवरब्रिज निर्माण में मंदिर और दुकानदारों की अनदेखी न हो : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
जरीब चौकी ओवरब्रिज निर्माण में मंदिर और दुकानदारों की अनदेखी न हो : पवन गुप्ता


कानपुर, 08 मई (हि.स.)। जरीब चौकी ओवरब्रिज निर्माण में ऐतिहासिक मंदिरों, धार्मिक स्थलों और दुकानदारों की भावनाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। बिना समन्वय और वैकल्पिक व्यवस्था के कार्रवाई करना गलत होगा। यह बातें शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

जरीब चौकी रेलवे ओवरब्रिज के भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद कांग्रेस ने परियोजना को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्रीय लोगों से संवाद किए बिना जल्दबाजी में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश है।उन्हाेंने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण की जद में आने वाले ऐतिहासिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के एक प्राचीन मंदिर में वर्ष 1934 में महात्मा गांधी भी आए थे और वहां जनसभा को सम्बोधित किया था। ऐसे धार्मिक स्थलों को बिना उचित स्थानांतरण और व्यवस्था के हटाना गलत होगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना से लगभग 250 दुकानदारों की रोजी-रोटी भी प्रभावित होगी। प्रशासन को व्यापारियों और स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि मंदिरों को नए स्थान पर स्थापित करने और दुकानदारों के पुनर्वास की स्पष्ट योजना पहले सार्वजनिक की जाए। इस दौरान हर प्रकाश अग्निहोत्री, प्रतिभा अटल पाल, शंकर दत्त मिश्रा, इकबाल अहमद, सुरेश बक्शी, पदम मोहन मिश्रा, राकेश साहू, अजय श्रीवास्तव शीलू, विवेक पाल, विनोद अवस्थी, अमित अग्निहोत्री और हाशिम मदारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story