सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन


सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन


जौनपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बंद होती औद्योगिक इकाइयों, अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव के विरोध में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने सीडा कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी मछली शहर अनिल उपाध्याय को सौंपकर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार पर सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पहल पर स्थापित इस औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के बजाय सरकार के सौतेले रवैये के कारण यहां की फैक्ट्रियां लगातार बंद हो रही हैं और उद्योग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। इसका सीधा असर स्थानीय युवाओं के रोजगार पर पड़ रहा है।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र को पुनर्जीवित करने, बंद पड़ी फैक्ट्रियों को चालू कराने, उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय युवाओं के रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story