छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पैलेट गन चलाने वालों पर नामजद एफआईआर की मांग

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पैलेट गन चलाने वालों पर नामजद एफआईआर की मांग


जौनपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल और लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार शाम जौनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन शाम 7:30 बजे से 8 बजे तक महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने किया गया।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन चलाने और लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।डॉ. प्रमोद सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पुलिस और लाठी-डंडों के बल पर छात्रों एवं नौजवानों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने भी पैलेट गन चलाने वालों और इसके आदेश देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू, अरुण शुक्ला, इरशाद खान राजू, फैयाज हाशमी, सभासद शहनवाज मंजूर, राजकुमार गुप्ता, जयप्रकाश मिश्रा, इकबाल हुसैन, मुहम्मद ताहिर, संदीप निषाद, गौरव कुशवाहा, रोहित सोनकर, कार्तिक मौर्या सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story