यूपीआई पर एमडीआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शुल्क वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
यूपीआई पर एमडीआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शुल्क वापस लेने की मांग


जौनपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। जौनपुर में यूपीआई के चुनिंदा व्यापारी लेन-देन पर लागू मर्चेंट डिस्काउंट रेट के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन अपर जिलाधिकारी परमानंद झा को सौंपा।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने एमडीआर व्यवस्था को जनविरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे कारोबारियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा और इसका असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से एमडीआर व्यवस्था पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाएगी। हालांकि केंद्र सरकार के अनुसार दाे हजार रुपये तक के व्यापारी यूपीआई भुगतान और छोटे व्यापारियों के लिए निर्धारित शून्य-एमडीआर श्रेणी के लेन-देन पर शुल्क नहीं है। सरकार के मुताबिक एमडीआर दाे हजार रुपये से अधिक के कुछ व्यापारी लेन-देन पर लागू है और ग्राहक से यह शुल्क नहीं लिया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, राकेश सिंह डब्बू, विनय तिवारी, लाल प्रकाश पाल, मंजू बेनवंशी, अरुण शुक्ला, रामसिंह बांकुरे, इरशाद खान, सभासद शहनवाज मंजूर, राजकुमार गुप्ता, जब्बार अली सलमानी, और विजेन्द्र गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story