नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 14 पर मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 14 पर मुकदमा दर्ज


औरैया, 03 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में सार्वजनिक प्रदर्शन और शीर्ष नेताओं के प्रतीकात्मक पुतले जलाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार की देररात काे कांग्रेस जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे, योगेश यादव सहित 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाल राजकुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के बिचौली गांव का है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ आक्रोश जताते दाेनों नेताओं के प्रतीकात्मक पुतले भी फूंके। यह प्रदर्शन बिना अनुमति के किया गया और इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इस पूरे प्रकरण में सदर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक शकील की ओर से तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

कोतवाल ने बताया कि नामजद आरोपिताें में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे और योगेश यादव शामिल हैं, जबकि 10 से 12 अन्य अज्ञात महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story