एसआईआर को लेकर कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही : गिरीश चंद्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर को लेकर कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही : गिरीश चंद्र यादव


जौनपुर, 29 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। हिंदुस्थान समाचार के प्रतिनिधि से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही है और उसके शासनकाल में भी एसआईआर जैसी चुनावी प्रक्रिया हुई है। उस समय कांग्रेस ने इसका विरोध नहीं किया था। आज विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के तीनों आयुक्तों की रिपोर्ट और चुनाव से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है। कभी निर्वाचन आयोग, कभी ईवीएम और कभी प्रशासन पर सवाल उठाना विपक्ष की पुरानी आदत बन गई है। देश की जनता इस बात को समझ चुकी है और उसी के अनुसार जवाब भी दे रही है।गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सभी राजनीतिक दलों को भरोसा करना चाहिए। इन्हीं संस्थाओं के माध्यम से चुनाव कराकर कांग्रेस कई बार सत्ता में रही है और आज भी कई राज्यों में उसकी सरकार है। उन्होंने कहा कि जहां चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आते हैं, वहां वह संवैधानिक संस्थाओं की प्रक्रिया को सही मानती है, जबकि हारने पर सवाल उठाती है।

पीडीए के नारे पर उन्होंने कहा कि जनता अब इसकी वास्तविकता समझ रही है। उनके अनुसार, कभी पी का अर्थ पंडित और कभी पिछड़ा बताकर भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सही जानकारी मिलने के बाद लोग धीरे-धीरे ऐसे नारों से दूरी बना रहे हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि भगवा इस देश की सांस्कृतिक पहचान और प्रतीक है। भगवा लोगों को प्रेरणा देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हुए जनता के बीच तथ्यात्मक बात रखनी चाहिए।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story