अयोध्या रवाना होने से पहले देवरिया में कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या रवाना होने से पहले देवरिया में कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट


अयोध्या रवाना होने से पहले देवरिया में कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट


देवरिया, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अयोध्या में प्रस्तावित प्रभु श्रीराम दर्शन एवं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस नेताओं को सोमवार देर शाम पुलिस ने उनके आवासों पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें अयोध्या जाने से रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की, जिससे जिले के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

कांग्रेस के अनुसार, मंगलवार सुबह जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अयोध्या के लिए रवाना होने वाले थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 11 बजे प्रभु श्रीराम लला के दर्शन और पूजन का कार्यक्रम निर्धारित था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कई नेताओं के घर पहुंचकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' को सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिलाध्यक्ष के नजरबंद होने के बाद जिले के कई कार्यकर्ता भी अयोध्या के लिए रवाना नहीं हो सके।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नागेंद्र शुक्ल, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय प्रताप शुक्ल तथा एनएसयूआई के प्रदेश सचिव आशीष शुक्ल को भी पुलिस ने उनके पिपरपाती स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में यह कार्रवाई की है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण एवं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना अनुचित है और इससे नागरिकों के संवैधानिक अधिकार प्रभावित होते हैं।

जिला उपाध्यक्ष भरत मणि त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा तथा जिला महासचिव रत्नेश मल्ल 'पिंटू' ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि कांग्रेसजन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नागेंद्र शुक्ल ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अयोध्या जाने से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।

किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय प्रताप शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल प्रभु श्रीराम के दर्शन और पूजन के लिए जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने से वंचित कर अनुचित कदम उठाया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से उठाएगी और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story