श्रमिक सम्मान में कांग्रेस की पदयात्रा, मजदूर विरोधी नीतियों का किया विरोध : पवन गुप्ता
कानपुर, 01 मई (हि.स.)। मई दिवस मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का दिवस है। श्रमिक समाज की रीढ़ हैं, लेकिन आज उनकी आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। सरकार की नीतियां मजदूरों के हित में नहीं हैं, इसलिए उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। यह बातें शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।
मजदूर दिवस के अवसर पर कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में शोषित, वंचित, निर्धन और निर्बल वर्ग की आवाज बुलंद करने के लिए श्रमिक सम्मान पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा सीटीआई शनि देव मंदिर से शुरू होकर एचआई पुल तक पहुंची और बाबा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुई।
पदयात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रमिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और नए श्रम कानूनों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। प्रतिभागियों ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान को बनाए रखने की मांग उठाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की, जबकि संयोजन वरिष्ठ नेत्री प्रतिभा अटल पाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के हितों को लेकर एकजुटता का संदेश दिया गया और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
पवन गुप्ता, प्रतिभा अटल पाल, मनोज वाल्मीकि, शीलू श्रीवास्तव, विवेक पाल, आफताब हसन, श्रीकान्त पाल, विनोद अवस्थी,धर्मेंद्र सिंह, आनंद शुक्ला, अमृत लाल गंगा, निखिल कुमार, देवी प्रसाद निषाद ,सुनील राज़दान, विनय प्रकाश, राकेश साहू, रमाकांत शर्मा, विनोद यादव, आनंद प्रकाश वर्मा, मदन मोहन राखड़ा आदि थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

