कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई नेता हाउस अरेस्ट
जौनपुर,17 जुलाई (हि.स.)। जनपद के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड के पीड़ित आजाद बिंद को श्रद्धांजलि देने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह को पुलिस ने उनके सुजानगंज स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने उनके घर को छावनी में तब्दील कर दिया।
इसी क्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान को भी जौनपुर शहर स्थित उनके आवास पर नजरबंद किया गया। उनके घर पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के साथ पार्टी के जिला सचिव इरशाद खान, रमेश बेबी और कांग्रेस नेता फिरोज खान को भी हाउस अरेस्ट किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और हत्याओं का सिलसिला जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और हत्या तथा बलात्कार की घटनाओं से प्रदेश में भय का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

