“वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली में उत्तर प्रदेश रचेगा इतिहास: आराधना मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
“वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली में उत्तर प्रदेश रचेगा इतिहास: आराधना मिश्रा


लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ 01 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की “वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत झोंक दी है।

दिल्ली के वार रूम से राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी संगठन के0सी0 वेणुगोपाल प्रत्येक राज्य में रैली की तैयारियों की कमान संभाल रहे हैं। दिल्ली वार रूम से उत्तर प्रदेश मुख्यालय स्थित कनेक्ट सेंटर (कांग्रेस वार रूम) के माध्यम से पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों, सभी छह जोनों और प्रदेश के सभी 75 जिलों की तैयारियों की लगातार समीक्षा एवं मॉनिटरिंग कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने रैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश की भागीदारी इस महारैली को ऐतिहासिक बनाए और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचे।

सभी छह जोन, 75 जिले और पूरा संगठन सक्रिय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बताया कि रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेश के सभी छह जोन- पश्चिम, बृज, अवध, बुंदेलखंड, प्रयाग और पूर्वांचल जोन में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। सभी 75 जिलों में जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर दिल्ली पहुंचने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों को भी सक्रिय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि प्रत्येक स्तर पर बेहतर तालमेल और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

पश्चिमी यूपी से अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिल्ली रैली के लिए डटकर मोर्चा संभाल रखा है। इमरान मसूद के अनुसार वह अभी तक 30 से अधिक संगठनात्मक बैठक कर चुके हैं। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए दिल्ली रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या लाने की जिम्मेदारी कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद जोनवार और जिलावार बैठकें करके जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

रामलीला मैदान से बुलंद होगी लोकतंत्र की आवाज

आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने विश्वास व्यक्त किया है कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थक नागरिकों की बड़ी भागीदारी दर्ज होगी। यह रैली मताधिकार की सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और जनता के अधिकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story