राम मंदिर के शुद्धीकरण की बात कर कांग्रेस ने प्रकट की मंशाः डॉ. दिनेश शर्मा


लखनऊ, 10 मई(हि.स.)। महाराष्ट्र भाजपा के चुनाव प्रभारी और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच ही राम और सनातन के विरोध की रही है। अब राम मंदिर के शुद्धीकरण की बात कर कांग्रेस ने अपनी मंशा के एक अंश को प्रकट कर दिया है। वह शुद्धीकरण की आड़ में मंदिर को लेकर कुछ नापाक इरादे रख रही है।
डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि जनता किसी भी कीमत पर राम विरोधियों को राम मंदिर से हाथ लगाने का मौका नहीं देगी। कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने राम मंदिर के शुद्धीकरण का जो बयान दिया है, उससे जनमानस में आक्रोश है। असल में मंदिर के शुद्धिकरण की नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी की भेदभाव, भ्रष्टाचार, परिवारवादी तथा जनमानस विरोधी विचारधारा के शुद्धिकरण करने की जरूरत है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता इन राम विरोधियों की नस नस से वाकिफ है। देश की राजनीति से राम विरोधियों का एग्जिट हो चुका है, अब इनके एन्ट्री की कोई गुन्जाइश नहीं है। जिन्हें अब तक पूजा पाठ और मंदिरों से परहेज रहा है, वो अब मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ज्ञान बांट रहे हैं। देश की जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। राम मंदिर में भारत की सनातन संस्कृति की सर्वमान्य परम्पराओं के साथ पूरे विधि विधान से भगवान राम विराजे हैं।
डॉ. दिनेश शर्मा ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविन्द केजरीवाल पर कहा कि अरविन्द केजरीवाल को बेल मिली है, बरी नहीं किए गए हैं। जनता भी उन्हें उनके अपराध की सजा चुनाव में पराजित करके देगी। अरविन्द केजरीवाल को उनके किये गये भ्रष्टाचार का जनता को जवाब देना होगा। जो भी उनके साथ प्रचार करेंगे, उन्हें भी केजरीवाल के भ्रष्टाचार का जवाब देना ही पड़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/प्रभात