जाम और अतिक्रमण से निपटने की बने ठोस रणनीति, जमीन पर दिखे सुधार : रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
जाम और अतिक्रमण से निपटने की बने ठोस रणनीति, जमीन पर दिखे सुधार : रमेश अवस्थी


कानपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रमुख चौराहों पर जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को केवल कागजी योजनाओं तक सीमित न रखकर उसका असर जमीन पर दिखाई देने की जरूरत है। यह बातें कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को सांसद सेवा केंद्र पर जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान कहीं।

बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि कानपुर जैसे औद्योगिक महानगर में सुगम यातायात व्यवस्था शहर की आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, उद्योग और आम जनजीवन से सीधे जुड़ी है। आए दिन लगने वाले जाम से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और बुजुर्गों को परेशानी होती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना जरूरी है।

जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात की समस्याएं सामने रखीं। प्रमुख चौराहों पर जाम के कारणों, ट्रैफिक सिग्नल, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ई-रिक्शा समेत अन्य वाहनों के अनियंत्रित संचालन और व्यस्त मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव को लेकर सुझाव दिए।

डीसीपी ट्रैफिक रविन्द्र कुमार ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों को व्यावहारिक बताते हुए उनके आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस प्राथमिकता के आधार पर सुझावों को लागू करने की दिशा में काम करेगी। जहां स्थायी समाधान के लिए अन्य विभागों की जरूरत होगी, वहां समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जाएगी।

सांसद ने कहा कि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के साथ यातायात संचालन को बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पुलिस विभाग के बीच लगातार संवाद रहना चाहिए, ताकि स्थानीय समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े स्थायी समाधान की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभागों और शासन स्तर पर भी मुद्दा उठाया जाएगा।

बैठक में विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता मणिकांत जैन समेत अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story