प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु के लिए एक माह तक जली अखंड ज्योति, यज्ञ-हवन के साथ समापन

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु के लिए एक माह तक जली अखंड ज्योति, यज्ञ-हवन के साथ समापन


कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना के लिए सांसद रमेश अवस्थी के सेवा कार्यालय में एक माह तक प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन के साथ समापन हुआ। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को उनके जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने अपने सेवा कार्यालय में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की थी। एक माह तक लगातार जलती रही ज्योति के समापन पर आयोजित अनुष्ठान में भाजपा कानपुर महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के जनसेवा और सुशासन के सफर में देश को विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और निर्णायक नेतृत्व का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों को पक्के आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाओं और जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसे प्रयासों से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का संकल्प देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि और दुनिया में देश के प्रति बढ़ते विश्वास में भी प्रधानमंत्री का नेतृत्व अहम रहा है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से कानपुर में जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। यज्ञ-हवन के दौरान राष्ट्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास, अरुण चैतन्य पुरी, पादरी जितेंद्र सिंह, ताज खुसरू, भाजपा कानपुर महानगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित, सलिल विश्नोई और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी सहित अनेक गणमान्यजन और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अनुष्ठान के समापन पर कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story