डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा हर विद्यार्थी के लिए जरूरी : दीपेश राज

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा हर विद्यार्थी के लिए जरूरी : दीपेश राज


कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सामाजिक उत्तर दायित्व (सीएसआर) के तहत शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहा है और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह बातें बुधवार को इंटरनेशनल सेंटर इंग्लिश स्कूल, बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, आर्य नगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसबीआई लखनऊ सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज ने कहीं।

इंटरनेशनल सेंटर इंग्लिश स्कूल में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने एवं डिजिटल शिक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब के उन्नयन के लिए 40 नए कंप्यूटर सिस्टम, एक सर्वर और दो प्रिंटर उपलब्ध कराए गए।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इन संसाधनों से करीब 650 विद्यार्थियों को आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कंप्यूटर कक्ष का उद्घाटन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि दीपेश राज, विशिष्ट अतिथि एसबीआई लखनऊ के महाप्रबंधक एनडब्ल्यू-दो राजीव कुमार तथा एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के उप महाप्रबंधक रजनीश कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। इस दौरान दीपेश राज ने साइबर सुरक्षा पर भी विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं होती और साइबर ठग लोगों को भ्रमित कर ठगी करते हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए सभी को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसबीआई समय-समय पर साइबर जागरूकता अभियान भी चलाता रहता है।

विद्यालय के प्रबंधक सुष्मित मिश्र ने बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और तकनीक का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। वहीं, विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्या पल्लवी मिश्रा ने कहा कि आधुनिक दौर में कंप्यूटर आधारित शिक्षा समय की आवश्यकता बन गई है। सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में अधिकांश कार्य कंप्यूटर के माध्यम से किए जाते हैं। ऐसे में यह कंप्यूटर लैब विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और भविष्य की संभावनाओं को नई दिशा देगी तथा उन्हें सीएसआर पहल का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या सुमालिका प्रभात ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर डिजिटल शिक्षण वातावरण मिलेगा और वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सकेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय की डायरेक्टर मृदु चौहान ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।--------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story