सड़क मरम्मत में गुणवत्ता से समझौता न हो, समय से पूरे कराएं काम : महेंद्र सिंह तंवर

WhatsApp Channel Join Now
सड़क मरम्मत में गुणवत्ता से समझौता न हो, समय से पूरे कराएं काम : महेंद्र सिंह तंवर


कानपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। छोटे और बड़े गड्ढों को तकनीकी जरूरत के अनुसार चिह्नित कर उनकी उपयुक्त तरीके से मरम्मत कराई जाए। निर्माण सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों के आवागमन में भी अनावश्यक दिक्कत न हो। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान दिए।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने देर रात शहर में सड़क मरम्मत, सीएम ग्रिड कार्य और स्वच्छता व्यवस्था का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले मंडलायुक्त आवास के पास पोर्टहोल मशीन से कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्य को देखा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टहोल मशीन का इस्तेमाल केवल छोटे और चिन्हित गड्ढों की मरम्मत के लिए किया जाए। बड़े स्तर पर क्षतिग्रस्त मार्गों पर कारपेटिंग या लेयरिंग के अनुसार काम कराया जाए।

इसके बाद स्वरूप नगर स्थित माता स्वरूप रानी मार्ग पर सीएम ग्रिड के तहत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर करीब 560 मीटर सड़क का निर्माण पूरा मिला, जबकि दोनों ओर फुटपाथ का काम जारी था। अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और पर्याप्त संसाधन व श्रमिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

कार्यदायी संस्था ने नो-एंट्री और यातायात जाम के कारण निर्माण सामग्री लाने वाले वाहनों के समय से साइट तक नहीं पहुंचने की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर वाहनों के सुचारु आवागमन की व्यवस्था कराने को कहा।

कंपनी बाग चौराहे के पास विकसित किए जा रहे गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) का भी निरीक्षण किया गया।

सरकारी भूमि पर स्थल को पीसीटीएस के रूप में विकसित कर कूड़ा संकलन केंद्र बनाने के निर्देश दिए गए। यहां पांच से 10 वार्डों से निकलने वाले कूड़े के संकलन की व्यवस्था विकसित करने और जिम्मेदारियां तय करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण, मरम्मत और स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार सभी कार्य पूरे कराने को कहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story