अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रामपुर व शाहजहांपुर स्टेशन पर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें कार्य : डीआरएम

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रामपुर व शाहजहांपुर स्टेशन पर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें कार्य : डीआरएम


अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रामपुर व शाहजहांपुर स्टेशन पर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें कार्य : डीआरएम


डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रामपुर व शाहजहाँपुर स्टेशनों पर विकास कार्यों का भी किया निरीक्षण

मुरादाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने सोमवार को मुरादाबाद–शाहजहाँपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैगुल नदी पर निर्मित रेल पुल का अवलोकन करते हुए संरचनात्मक एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्निर्माण किए जा रहे रामपुर एवं शाहजहांपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि रामपुर रेलवे स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने हेतु रेलवे सुरक्षा बल को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गुड्स शेड का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज तथा पुस्तकालय का निरीक्षण किया और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किए जाएँ, ताकि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) करन प्रीत सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला सहित अन्य मंडल अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story