कानपुर में दो दिन में पूरा करें सड़कों का पैचवर्क : मंडलायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में दो दिन में पूरा करें सड़कों का पैचवर्क : मंडलायुक्त


कानपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। शहर की प्रमुख सड़कों पर खराब हिस्सों को चिह्नित कर दो दिन के भीतर पैचवर्क पूरा कर उन्हें आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए। सड़क मरम्मत के काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यह निर्देश शुक्रवार को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने शहर के प्रमुख मार्गों के निरीक्षण के दौरान दिए।

मंडलायुक्त ने रामादेवी से आईआईटी मार्ग, मैनावती मार्ग, सिंहपुर से कल्याणपुर मार्ग और स्वरूप नगर-नवाबगंज मार्ग समेत विभिन्न प्रमुख सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों की स्थिति, क्षतिग्रस्त हिस्सों और आवश्यक पैचवर्क का जायजा लिया।

पीडब्ल्यूडी एनएच खंड के मार्गों पर पैचवर्क नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिशासी अभियंता ए.के. जयंत को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित मार्गों पर युद्धस्तर पर पैचवर्क कराया जाए और हर हाल में दो दिन में काम पूरा कर सड़कों को मोटरेबल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण मुख्य मार्गों पर यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए।

मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को भी प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को सिर्फ औपचारिक रूप से गड्ढामुक्त करने के बजाय इस तरह दुरुस्त किया जाए कि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने संबंधित विभागों को मरम्मत और पैचवर्क के काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि पीडब्ल्यूडी, एनएच खंड और नगर निगम अपने-अपने अधीन आने वाले मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और खराब सड़कों पर तत्काल काम शुरू कराएं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story