कंपनी बाग से रावतपुर तक 15 दिन में सड़क निर्माण करें पूरा : अर्पित उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
कंपनी बाग से रावतपुर तक 15 दिन में सड़क निर्माण करें पूरा : अर्पित उपाध्याय


कंपनी बाग से रावतपुर तक 15 दिन में सड़क निर्माण करें पूरा : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के कंपनी बाग चौराहे से रावतपुर चौराहे तक सड़क निर्माण और मरम्मत का काम 15 दिन के भीतर पूरा कराया जाएगा। जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज ठीक करने, निर्माण कार्यों में विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और शहर में जगह-जगह पड़े कूड़े को तत्काल हटवाया जाए। यह निर्देश सोमवार रात निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को दिए।

नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कंपनी बाग चौराहे पर सड़क क्षतिग्रस्त मिलने पर अधिकारियों ने बताया कि जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज के कारण मरम्मत नहीं हो सकी है। जल निगम को दो से तीन दिन में लीकेज ठीक कर सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। कंपनी बाग से मेट्रो डिपो तक पाइपलाइन डालने का शेष काम 15 दिन में पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मेट्रो विभाग सड़क की मरम्मत कराएगा।

मेट्रो डिपो से रावतपुर चौराहे तक सड़क निर्माण लोक निर्माण विभाग को कराना है। जल निकासी के लिए नाली निर्माण के संबंध में मेट्रो विभाग को लखनऊ मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विभागों के बीच तालमेल की कमी पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। 21 अक्टूबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जल निगम, लोक निर्माण विभाग और मेट्रो के अधिकारियों की संयुक्त बैठक होगी। इसमें समस्याओं के समाधान की कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी।

इसके बाद अधिकारियों ने बगिया क्रॉसिंग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे ढलाई कार्य का निरीक्षण किया। वहां निर्माण सामग्री और कूड़ा पड़ा मिलने पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य मार्ग के बीच स्थित ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण कराने और सुरक्षित लाइटें लगवाने को भी कहा गया।

कल्याणपुर में सोम हॉस्पिटल से पहले अभिषेक हॉस्पिटल के पास बड़ी मात्रा में कूड़ा मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। संबंधित जोनल स्वच्छता अधिकारी को अगले दिन सुबह तक कूड़ा उठवाकर सफाई कराने और जीपीएस लोकेशन सहित फोटो भेजने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था और निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763722 Articles

Share this story