कानपुर सेंट्रल के पुनर्विकास कार्यों को पूरा करें समयबद्ध : रजनीश अग्रवाल
कानपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। रेलवे स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुगम, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। यह बातें शुक्रवार को प्रयागराज मंडल के मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान कहीं।
मण्डल रेल प्रबन्धक ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, प्रवेश और निकास क्षेत्रों, यात्री आवागमन तथा निर्माणाधीन संरचनाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्टेशन पर संचालित खानपान स्टॉलों का भी जायजा लिया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित दरों पर बिक्री और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खानपान स्टॉलों पर स्वच्छता एवं गुणवत्ता के मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि काम समय से पूरा हो सके और यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
इसके बाद उन्होंने मेमू कार शेड, कानपुर और ओल्ड वॉशिंग लाइन का निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, परिचालन संबंधी कार्यों और कोचों के रख-रखाव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यस्थल पर संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा रख-रखाव कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अगले क्रम में मण्डल रेल प्रबन्धक ने पनकी धाम स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ स्टेशन मास्टर कक्ष का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं, अभिलेखों और संरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ संरक्षा, स्वच्छता और कार्यकुशलता के मानकों को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य यातायात प्रबन्धक कानपुर आकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पंचम) अभिषेक तोमर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

