दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें : कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें : कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता


कानपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालय की गरिमा के अनुरूप दीक्षांत समारोह का सफल आयोजन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ शेष तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करें, ताकि समारोह का आयोजन सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके। यह बातें मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आगामी 10 जुलाई काे 28वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने समीक्षा बैठक की। बैठक में विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक तथा दीक्षांत समारोह के लिए गठित विभिन्न समितियों के अध्यक्ष एवं सह-अध्यक्ष मौजूद रहे। कुलपति ने प्रत्येक समिति से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप तैयारियों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।

समीक्षा के दौरान कुलपति ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसकी सभी तैयारियां समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

बैठक में परिसर की साफ-सफाई, भवनों के रखरखाव, अतिथि सत्कार, मंच व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में कुलपति ने सभी समितियों से सक्रिय भूमिका निभाने और आपसी समन्वय के साथ शेष तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने का आह्वान किया, ताकि विश्वविद्यालय की गरिमा के अनुरूप दीक्षांत समारोह का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story