समिति के जरिए पारदर्शिता के साथ कर्मचारियों का हाेगा तबादला : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
समिति के जरिए पारदर्शिता के साथ कर्मचारियों का हाेगा तबादला : नगर आयुक्त


कानपुर, 02 जनवरी (हि. स)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में मोतिझील स्थित नगर निगम मुख्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को अत्यंत पारदर्शी, सशक्त एवं गुणवत्ता-परक बनाए जाने के उद्देश्य से स्वच्छता से जुड़े कर्मचारियों के हितों के संरक्षण व उनके कार्यगत जुड़ाव तथा उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की तरफ से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि सफाई कर्मचारियों (स्थायी/संविदा/आउटसोर्सिंग) के स्थानांतरण से संबंधित मामलों में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों की अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है। जिसमें मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, संबंधित जोन के नगर स्वास्थ्य अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कार्मिक स्तर के लोग रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस समिति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी सफाई कर्मचारी का अनावश्यक स्थानांतरण न किया जाए साथ ही प्रत्येक निर्णय में कर्मचारियों के हितों और परिस्थितियों का पूर्ण ध्यान रखा जाए। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार का शोषण न हो तथा सभी निर्णय नगर निगम के नियमों, शासनादेशों एवं मानवोचित दृष्टिकोण के अनुरूप हों।

नगर आयुक्त ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर समिति संबंधित जोन से प्राप्त प्रस्तावों पर वस्तुस्थिति का परीक्षण कर औपचारिक अनुमोदन के उपरांत ही स्थानांतरण की संस्तुति करेगी। इस पहल से नगर निगम की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं सुदृढ़ होगी। साथ ही स्वच्छता कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि के साथ-साथ बेहतर कार्य वातावरण का निर्माण सुनिश्चित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद

Share this story