दुर्गा पूजा और दशहरा की तैयारियों की मंडलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा और दशहरा की तैयारियों की मंडलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा


बाराबंकी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार और डीआईजी अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी और मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्गों पर अधूरे सड़क मरम्मत कार्य जल्द पूरे कराए जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिमा विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही कराया जाए। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करें। पूजा पंडालों में अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए।

डीआईजी सोमेन बर्मा ने विसर्जन स्थलों पर आवश्यकतानुसार नाव, बैरिकेडिंग और आपातकालीन बचाव संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विसर्जन स्थलों पर पीए सिस्टम लगाने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और शांति समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। प्रमुख आयोजन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने त्योहारों को लेकर की जा रही तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया, जबकि पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं दक्षिणी, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story