सीएसजेएमयू में कॉमिक्स और पोस्टर से सामाजिक बदलाव का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू में कॉमिक्स और पोस्टर से सामाजिक बदलाव का संदेश


कानपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कॉमिक्स और वॉल पोस्टर प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। इनके जरिए जटिल मुद्दों को सरल भाषा और चित्रों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। समाज कार्य के विद्यार्थियों को ऐसे रचनात्मक माध्यमों का इस्तेमाल सीखना चाहिए, जिससे वे समुदाय में सकारात्मक बदलाव ला सकें। यह बातें स्कूल ऑफ एडवांस्ड सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के डीन प्रो. संदीप कुमार सिंह ने बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन पर कही।

विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग और नित्या वेलफेयर सोसाइटी की ओर से दो दिवसीय ‘ग्रासरूट्स कॉमिक्स एवं वॉल पोस्टर कॉमिक्स कार्यशाला’ शुरू हुई। इसका उद्घाटन प्रो. संदीप कुमार सिंह, स्कूल के निदेशक डॉ. अमित कुमार मिश्रा, एमएसडब्ल्यू कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सत्येंद्र सिंह चौहान और नित्या वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक एवं सचिव कुलदीप सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

डॉ. अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि कॉमिक्स और पोस्टर के जरिए विभिन्न आयु वर्गों तक सामाजिक संदेश आसानी से पहुंचाए जा सकते हैं। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं।

डॉ. सत्येंद्र सिंह चौहान ने बताया कि व्यवहार परिवर्तन संचार के माध्यम से लोगों की सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाता है। कार्यशाला में विद्यार्थी स्वयं कॉमिक्स और पोस्टर तैयार करना सीख रहे हैं, जिसका उपयोग वे सामुदायिक कार्यों और जागरूकता अभियानों में कर सकेंगे।

कुलदीप सिंह नेगी ने कहा कि स्थानीय समस्याओं और लोगों के अनुभवों को कहानियों के रूप में प्रस्तुत कर सामाजिक बदलाव की दिशा में प्रभावी काम किया जा सकता है। कार्यशाला में बाल अधिकार, महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा जैसे विषयों पर रचनात्मक सामग्री तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पहले दिन विद्यार्थियों ने कहानी लेखन, पात्रों के चयन, संवाद तैयार करने और चित्रों के माध्यम से संदेश देने की तकनीकें सीखीं। कार्यशाला के दूसरे दिन 22 अक्टूबर को भी प्रशिक्षण और रचनात्मक गतिविधियां होंगी। कार्यक्रम में डॉ. अजय प्रताप सिंह, डॉ. एसपी वर्मा, डॉ. उर्वशी और बुशरा मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764673 Articles

Share this story