सुरार ड्रग वेयरहाउस में कोल्ड चेन बंद, डीएम ने सीएमओ से मांगा स्पष्टीकरण

WhatsApp Channel Join Now
सुरार ड्रग वेयरहाउस में कोल्ड चेन बंद, डीएम ने सीएमओ से मांगा स्पष्टीकरण


कानपुर, 02 मई (हि.स.)। सुरार स्थित जनपदीय ड्रग वेयरहाउस में औचक जांच दौरे के दौरान कोल्ड चेन स्टोरेज बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को कड़ी नाराजगी जताई। यह वेयरहाउस उर्सला और हैलेट अस्पताल सहित जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को दवाओं की आपूर्ति करता है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान दवाओं के स्टॉक भंडारण का अवलोकन किया गया तथा आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। जिलाधिकारी ने भंडारण व्यवस्था को मानकों के अनुरूप बनाए रखने और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाईज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक डॉ उज्ज्वल कुमार आईएएस से दूरभाष पर वार्ता कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया।

वेयरहाउस में तैनात फार्मासिस्ट आशुतोष यादव ने बताया कि यहां 371 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं जिन्हें मांग के अनुसार जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों को भेजा जाता है। जांच के दौरान दो कार्मिक आलोक कुमार और सरोजनी देवी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि दवा भंडारण और आपूर्ति में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य आपूर्ति प्रणाली में पारदर्शिता और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी ताकि मरीजों को किसी प्रकार की समस्या न हो। जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story