हैकाथॉन सीखने, नवाचार और आत्म खोज का एक महत्वपूर्ण मंच : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
हैकाथॉन सीखने, नवाचार और आत्म खोज का एक महत्वपूर्ण मंच : कुलपति


--कुलपति ने 13 विजेताओं की घोषणा कर किया पुरस्कृत

--इविवि में ‘CODEBLOCK 2026’ हैकाथॉन का समापन

प्रयागराज, 25 अप्रैल (हि.स)। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के कोडिंग हैकाथॉन “CODEBLOCK 2026-Code the Future, Build the Impossible” का समापन शनिवार काे अत्यंत उत्साह और सहभागिता के साथ हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि इविवि की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने 48 घंटे तक चली इस प्रतिष्ठित कोडिंग प्रतियोगिता के परिणामों की औपचारिक घोषणा की।

कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों को उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन केवल पुरस्कार जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने, नवाचार और आत्म-खोज का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि आज कुछ प्रतिभागियों को पुरस्कार मिले हैं, जबकि कुछ विद्यार्थी थोड़ा पीछे रह गए होंगे। लेकिन इससे किसी की क्षमता कम नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रतिभागी समान रूप से प्रतिभाशाली है और सभी में सफलता प्राप्त करने की क्षमता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे नवाचार-आधारित आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि युवा ही राष्ट्र के भविष्य के वास्तविक निर्माता हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं डिजिटल इंडिया और विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जहां नवाचार और तकनीक आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे।

इविवि की पीआरओ प्रो जया कपूर ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं ब्लॉकचेन जैसी उभरती तकनीकों पर केंद्रित इस हैकाथॉन का आयोजन NADCAB LABS एवं STPI प्रयागराज के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में IIT, NIT, MNNIT तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय सहित देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया।

उन्होंने बताया कि दो दिनों तक निरंतर कोडिंग, विचार-विमर्श, प्रोजेक्ट निर्माण, प्रस्तुतिकरण तथा विशेषज्ञों द्वारा कठोर मूल्यांकन के उपरांत कुल 13 विजेताओं की घोषणा कुलपति द्वारा की गई। चयनित प्रतिभागियों एवं टीमों को एआई एवं ब्लॉकचेन आधारित वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु उनके उत्कृष्ट तकनीकी समाधान, नवाचारी सोच तथा दूरदर्शी दृष्टिकोण के लिए सम्मानित किया गया।

--विजेताओं की सूची-प्रथम पुरस्कार (1,00,000) इलाहाबाद विश्वविद्यालय - सैयद ज़कारिया एवं टीम-द्वितीय पुरस्कार (50,000) इलाहाबाद विश्वविद्यालय - प्रियंशु एवं टीम-तृतीय पुरस्कार (25,000) हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी - आयुष एवं टीम-10 सांत्वना पुरस्कार (प्रत्येक 2,500) अन्य उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रदान किए गए।

प्रो. एन. के. शुक्ला, अध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग ने कुलपति, विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों, उद्योग विशेषज्ञों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्होंने विभाग द्वारा शिक्षण और उद्योग के मध्य की दूरी को कम करने हेतु ऐसे प्रभावशाली तकनीकी आयोजनों के निरंतर आयोजन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि CODEBLOCK 2026 विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, नवाचार और उद्यमशील सोच से सशक्त बनाने की विभागीय प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सीईओ नमन सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रारम्भिक क्विज़ राउंड, कोडिंग मूल्यांकन, तकनीकी परीक्षण तथा अंतिम चरण हेतु विद्यार्थियों की शॉर्टलिस्टिंग के प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को इस प्रकार तैयार किया गया था कि विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता के साथ-साथ उनकी नवाचारी समस्या-समाधान क्षमता का भी मूल्यांकन हो सके। यह हैकाथॉन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सहयोग, नेटवर्किंग और तकनीकी नवाचार का एक मजबूत मंच भी सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. निलेश आनंद श्रीवास्तव ने एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रो. तनवीर सिद्दीकी ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. प्रभात, डॉ. निमिष, डॉ. पूजा, डॉ. सुधांशु, डॉ. लकी, डॉ. शशिभूषण एवं डॉ. प्रदीप द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story